ग्रामीण छात्राओं को कलेक्टर का सफलता मंत्र: बड़े सपने देखें, मेहनत करें और आत्मविश्वास रखें ।।

JHABUA ABHITAK

अमित शर्मा झाबुआ अभी तक
झाबुआ, 28 जुलाई।
झबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खवासा का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और बड़े सपने ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने छात्राओं को जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने बताया कि आईएएस, आईपीएस, आईआरएस सहित अनेक प्रतिष्ठित सेवाओं में ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवा भी अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाषा कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनती, बल्कि लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही व्यक्ति को उसकी मंजिल तक पहुंचाते हैं।
उन्होंने छात्राओं से अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने देखने, माता-पिता से चर्चा करने तथा अपनी रुचि और प्रतिभा को पहचानकर उसी दिशा में पूरी मेहनत से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष क्षमता होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और परिश्रम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन शीघ्र ही ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए एक विशेष करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा अभियान शुरू करेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और करियर संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, एसडीएम भास्कर गाचले, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुप्रिया बिसेन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !