मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने थांदला से दी विकास और महिला सशक्तिकरण की बड़ी सौगात ।₹300 करोड़ का ऋण वितरण, ₹283.81 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, जनजातीय अंचल के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं ।।

JHABUA ABHITAK

अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को थांदला के शासकीय महाविद्यालय मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्व-सहायता समूहों के क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में भाग लेते हुए महिला सशक्तिकरण, रोजगार और विकास को नई गति देने वाली अनेक घोषणाएं कीं। उन्होंने प्रदेशभर के स्वयं सहायता समूहों को ₹300 करोड़ का ऋण वितरित किया तथा झाबुआ जिले को ₹283.81 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि झाबुआ जिले में चार दीदियां "दीदी कैफे" का सफल संचालन कर रही हैं, जबकि प्रदेश में 196 आजीविका कैफे संचालित हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को ड्रोन दीदी, बैंक सखी और लखपति दीदी जैसी अभिनव पहलों से रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर प्राप्त हो रहे हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ही परिवार और समाज की समृद्धि का आधार है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाएं स्वरोजगार, कृषि, डेयरी, जैविक खेती, ड्रोन संचालन और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर "लखपति दीदी" बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्वालियर में ₹14 हजार करोड़ से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं, जिससे विशेष रूप से चंबल क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। वहीं धार जिले में बनने वाला पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क जनजातीय अंचल के लाखों लोगों के लिए रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चारोलीपाड़ा में ₹70 करोड़ की लागत से आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय, पेटलावद में श्रृंगेश्वर घाट एवं माही नदी तट संरक्षण कार्य, सांदीपनि विद्यालयों सहित अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में पट्टों की रजिस्ट्री निःशुल्क की जाएगी। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विद्यार्थियों को विद्यालयीन गणवेश उपलब्ध कराए जाएंगे। थांदला में हेलीपैड, झाबुआ में खेल परिसर तथा पीपलखूंटा एवं थांदला में पद्मावती नदी किनारे घाटों का निर्माण भी कराया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत ऋण एवं सहायता राशि वितरित की गई। साथ ही जिले के बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी मुख्यमंत्री के करकमलों से किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ,प्रदेश मंत्री संगीता सोनी , पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेश दुबे , वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वास सोनी  एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !