8 लेन पर रात में एसपी का औचक निरीक्षण, पत्थरबाजों पर शिकंजे के निर्देश ,,टिमरवानी टोल नाके से संवेदनशील इलाकों तक सुरक्षा व्यवस्था परखी;

JHABUA ABHITAK

अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
झाबुआ। 8 लेन एक्सप्रेसवे पर लगातार सामने आ रही पत्थरबाजी की घटनाओं को पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने गंभीरता से लिया है। सोमवार रात एसपी ने एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी और संबंधित थाना-चौकी प्रभारियों को पत्थरबाजी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए।
एसपी श्री पाटीदार टिमरवानी टोल नाके पहुंचे और वहां तैनात स्टाफ से एक्सप्रेसवे की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा इंतजामों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुखबिर तंत्र मजबूत, संदिग्धों पर नजर----
एसपी ने हाईवे से जुड़े थाना एवं चौकी क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र मजबूत करने और पत्थरबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की नियमित चेकिंग तथा एक्सप्रेसवे से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने को कहा।
ग्रामीणों से मांगी सूचना
एक्सप्रेसवे से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस ने आमजन से संवाद कर अपील की कि पत्थरबाजी या कोई अन्य संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
दो प्रकरण दर्ज, गिरफ्तारी की तैयारी
हाल में हुई पत्थरबाजी की घटनाओं के मामले में थांदला पुलिस ने दो अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक्सप्रेसवे की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी पुलिस निगरानी और पेट्रोलिंग के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी थांदला राजेश सूलिया, थाना प्रभारी निरीक्षक तारा मंडलोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !