अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
झाबुआ। सामाजिक महासंघ झाबुआ द्वारा रविवार को आयोजित पौधा वितरण महा-अभियान के तहत 21 हजार फलदार, छायादार एवं धार्मिक महत्व के पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठन एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी हितग्राहियों का पंजीयन कर पौधों की नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई।
मुख्य अतिथि पद्मश्री महेश शर्मा ने कहा कि जिले में जल संरक्षण और पौधरोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं तथा सामाजिक महासंघ का यह अभियान भविष्य में पर्यावरण संरक्षण का मील का पत्थर साबित होगा। पद्मश्री रमेश परमार ने पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापक पौधरोपण की आवश्यकता बताई, जबकि जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदीप महाणिक ने पौधारोपण का महत्व प्रेरक कहानी के माध्यम से समझाया।
कार्यक्रम में राजकुमार देवल ने सभी उपस्थित लोगों को पौधे को पेड़ बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि पौधों की देखभाल बच्चों की तरह करनी चाहिए। अभियान के तहत आम, जामुन, नींबू, सीताफल, पीपल, नीम, बेलपत्र, तुलसी, सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए ताकि ग्रामीणों को रोजगार के साथ पर्यावरण संरक्षण का लाभ भी मिल सके।
सामाजिक महासंघ के अध्यक्ष नीरज सिंह राठौर एवं महासचिव एडवोकेट उमंग सक्सेना ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों में 1.50 लाख पौधे वितरित कर चुकी है, जिनमें से लगभग 1.20 लाख पौधे आज भी जीवित और विकसित हो चुके हैं। इस वर्ष वितरित सभी पौधों का पंजीयन कर उनकी समय-समय पर निगरानी की जाएगी।
कार्यक्रम में पद्मश्री महेश शर्मा, पद्मश्री रमेश परमार, शांति परमार, जयदीप महाणिक, राजेंद्र यादव, अशोक शर्मा, किरण शर्मा, ओम शर्मा सहित अनेक समाजसेवी, व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जयंत बैरागी एवं नीरज सिंह राठौर ने तथा आभार उमंग सक्सेना ने व्यक्त किया।

