अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
झाबुआ। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को पेटलावद में सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र संकट की स्थिति में महिलाओं के लिए सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का सशक्त केंद्र बनेगा, जहां उन्हें चिकित्सा सहायता, विधिक परामर्श, मनोसामाजिक काउंसिलिंग, अस्थायी आश्रय सहित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से हुई। मंत्री ने बेटियों का सम्मान कर "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण से होती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने कहा कि महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर देने तथा शासन की महिला एवं बाल विकास योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत दो बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी आश्वासन पत्र तथा उनकी माताओं को लाड़ली लक्ष्मी किट प्रदान की गई। इसके अलावा जिले में संचालित स्वच्छ एवं सुंदर आंगनवाड़ी स्पर्धा के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

