अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार सुबह जिला परिवहन अधिकारी कृतिका मोहटा एवं ट्रैफिक पुलिस झाबुआ ने संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई जेल तिराहा, सांदीपनि स्कूल कल्याणपुरा तथा कल्याणपुरा के आंतरिक क्षेत्रों में संचालित स्कूलों से जुड़े वाहनों पर की गई।
जांच के दौरान एक वाहन बिना वैध बीमा के संचालित पाया गया, जिस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं 5 निजी श्रेणी (प्राइवेट) के वाहनों को जब्त किया गया तथा 2 अन्य वाहनों को जप्ती देकर बच्चों को सुरक्षित घर छोड़ने के बाद परिवहन कार्यालय में खड़ा करने के निर्देश दिए गए।
जेल तिराहा पर कार्रवाई जेल तिराहा पर कुल तीन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें लक्ष्य अकादमी स्कूल का एक वाहन परमिट के लिए आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर छोड़ दिया गया, जबकि शेष दो निजी श्रेणी के वाहन जब्त कर लिए गए।
सांदीपनि स्कूल में दस्तावेज मिले पूर्ण सांदीपनि स्कूल, कल्याणपुरा में खड़ी पांचों स्कूल बसों की जांच की गई। सभी बसों के दस्तावेज पूर्ण पाए गए तथा वाहनों की भौतिक स्थिति भी संतोषजनक मिली। कल्याणपुरा के बाहर पांच ऐसे वाहन पाए गए जिन्हें अभिभावकों ने स्वयं किराए पर लगाया था। इन सभी वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। परिवहन विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की।
जिला परिवहन अधिकारी कृतिका मोहटा ने स्कूल संचालक को निर्देश दिए कि विद्यालय आने-जाने वाले सभी वाहनों एवं चालकों का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से संधारित किया जाए।
आरटीओ कृतिका मोहटा ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे संयुक्त जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इनका कहना हे ====
छात्र छात्राओं की सुरक्षा के लिए क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हे । आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी
कृतिका मोहटा ( जिला परिवहन अधिकारी)
झाबुआ

