अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर डॉ. योगेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए नगर में फैली अव्यवस्थाओं, तालाबों की दुर्दशा एवं ग्रामीण क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि नगर की ऐतिहासिक धरोहर बड़े तालाब एवं छोटे तालाब में जलकुंभी फैलने से बदबू और गंदगी का माहौल बन गया है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने नगर पालिका पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए शीघ्र सफाई अभियान चलाने की मांग की। साथ ही नगर में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से दोपहिया वाहन अस्त-व्यस्त खड़े रहने से नागरिकों को हो रही परेशानी तथा मनोरंजन स्थलों के अभाव का मुद्दा भी उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने राणापुर क्षेत्र के ग्राम समोई स्थित आदिवासी आस्था केंद्र बाबा देव स्थल पर पेयजल संकट, पाइपलाइन विस्तार एवं सड़क निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी। विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान होना आवश्यक है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, प्रदेश कांग्रेस महासचिव निर्मल मेहता, कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौर, सुनीता अलावा, बबलू कटारा, लोकेंद्र बिलवाल, वसीम सैयद, गोरी कटारा, राशिद कुरैशी, करीम शेख, वरुण मकवाना, गोलू कुरैशी, सायरा बानो, शीला भूरिया, शीला मकवाना, ममता गोयल, जितेंद्र शाह, पुनीत भानपुरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

