अमित शर्मा ( झाबुआ अभीतक) एडिटर
झाबुआ = कलेक्टर नेहा मीना द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पारा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएमओ एवं मेडिकल ऑफिसर द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के अंतर्गत केंद्र में किए गए सुधार कार्यों एवं SOP के अनुसार प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान एक महिला ने अपनी बहू को पुत्री के जन्म पर हर्ष व्यक्त किया । कलेक्टर द्वारा बच्ची के भविष्य के संबंध में पूछे जाने पर महिला ने मासूमियत भरे स्वर में कहा कि यदि बच्ची अच्छे से पढ़ाई करेगी, तो उसे आपके जैसा अधिकारी बनाएंगे। महिला की इस सहज एवं प्रेरणादायक बात को सुनकर उपस्थित सभी लोग प्रसन्न हो उठे।
कलेक्टर ने सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध आवश्यक दवाइयों (Essential Medicines) की जानकारी ली। उमंग क्लीनिक का निरीक्षण एवं छात्राओं से संवाद।।
इसके पश्चात कलेक्टर ने सीएचसी (CHC) परिसर में संचालित उमंग क्लीनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान पीएम श्री कन्या विद्यालय, पारा की छात्राओं से संवाद किया गया। कलेक्टर ने बालिकाओं को परीक्षा के समय तनाव न लेने, आत्मविश्वास बनाए रखने एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपयोगी सुझाव दिए।
कलेक्टर ने पैथोलॉजी लैब एवं ब्लड सैंपल कलेक्शन यूनिट का निरीक्षण किया। ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन प्रारंभ न होने पर कलेक्टर ने शीघ्र आवश्यक पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण कर यूनिट के संचालन के निर्देश दिए। साथ ही ब्लड ट्रांसफ्यूजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।इसके उपरांत कलेक्टर ने एएनसी (ANC), लेबर रूम एवं पीएनसी (PNC) वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में चिन्हित हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं एवं सी-सेक्शन के अंतर्गत रेफर की गई महिलाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने रात्रि एवं प्रातः प्रसव हुई महिलाओं एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि प्रसव उपरांत माताओं को नर्सिंग स्टाफ द्वारा समुचित काउंसलिंग एवं पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की जाए। ड्यूटी नर्स ने कलेक्टर की उपस्थिति में काउंसलिंग दी।
इसके पश्चात कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत अपनाई जा रही प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया। साथ ही पारा क्षेत्र में मैटरनिटी वार्ड की आवश्यकता को देखते हुए पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव पर अनुमति प्राप्त होने के पश्चात शीघ्र स्थल चिन्हांकन कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पारा की समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बीएमओ एवं मेडिकल ऑफिसर द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।इस दौरान तहसीलदार रामा श्री प्रमेश जैन, बीएमओ, मेडिकल ऑफिसर एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

