अमित शर्मा ( झाबुआ अभीतक)
झाबुआ = 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह पी.जी. कॉलेज ग्राउंड, झाबुआ में कलेक्टर नेहा मीना के मुख्य आतिथ्य में पारम्परिक गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कलेक्टर ने राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत झण्डा वंदन कर परेड की सलामी ली।
कलेक्टर नेहा मीना के कुशल प्रशासनिक नेतृत्व में संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं प्रभावशाली रहा। व्यवस्थाओं की सराहना उपस्थित नागरिकों एवं अतिथियों द्वारा की गई। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।
समारोह में पुलिस, विशेष सशस्त्र बल, होमगार्ड, एनसीसी, गाइड, रेडक्रॉस एवं शौर्य दल की टुकड़ियों ने अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया। सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर एवं जयघोष किया गया। कलेक्टर द्वारा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्वों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर कलेक्टर ने राष्ट्र सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के संदेश का वाचन किया गया।
जनजातीय कार्य विभाग के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा पी.टी. प्रदर्शन एवं संक्षिप्त सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विभिन्न विभागों की संदेशपरक झांकियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
समारोह के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परेड दलों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

