अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को झाबुआ में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने अभियान का शुभारंभ किया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां जिलेभर में आयोजित होंगी।
मंत्री भूरिया ने ‘नमो सेवा संकल्प प्रदर्शनी’ का अवलोकन किया तथा अभियान की कार्ययोजना पुस्तिका और कैलेंडर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
30 दिन में 14 प्रमुख गतिविधियां
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में 14 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत करीब 7 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य है। जिले की 11 आइकॉनिक लोकेशन पर विशेष दीप प्रज्ज्वलन होगा। वहीं अभियान अवधि में एक लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रक्तदान को लेकर चलाए जा रहे ‘जीवन धारा’ अभियान के तहत 14 जून से अब तक करीब 750 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है। अगले 30 दिनों में एक हजार अतिरिक्त यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। जनजातीय क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने और भ्रांतियां दूर करने पर भी जोर रहेगा।
एक लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच
कलेक्टर डा योगेश तुकाराम भरसट ने बताया कि 7 अक्टूबर को तीनों विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। अभियान के दौरान करीब एक लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है। 7, 8 और 9 अक्टूबर को अरविंदो कॉलेज के सहयोग से मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। 2 अक्टूबर को करीब 500 स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां होंगी। योजनाओं से लाभान्वित लोगों की करीब एक हजार ‘सेवा की कहानियां’ संकलित की जाएंगी। जनजागरूकता के लिए 18 नाट्य दल भी गतिविधियां करेंगे।
योजनाओं का प्रदर्शन, हितग्राहियों को ऋण
‘नमो सेवा संकल्प प्रदर्शनी’ में विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर आजीविका उत्पाद व जनजातीय आभूषण, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी सेवाएं व पोषण गतिविधियां, आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेद, कृषि विभाग द्वारा जैविक-प्राकृतिक खेती तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा PMFME के उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले डिप्टी कलेक्टर महेश बड़ोले सहित अन्य रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं ग्रामीण आजीविका मिशन के 13 स्व-सहायता समूहों को कुल 102.40 लाख रुपए की ऋण राशि के डेमो चेक दिए गए। अन्य स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को भी ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी, एसडीएम महेश मंडलोई सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

