संकल्प से समाधान अभियान के तहत भगोर में शिविर, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े हुए शामिल।।सिकल सेल मुक्त समाज का संकल्प, शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग की अपील।।

JHABUA ABHITAK
अमित शर्मा (झाबुआ अभी tak)
झाबुआ।
संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत भगोर में आयोजित शिविर में बुधवार को इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े शामिल हुए। शिविर में कलेक्टर नेहा मीना विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
ग्राम भगोर पहुंचने पर संभागायुक्त का ढोल-मांदल की थाप पर सांस्कृतिक नृत्य के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्हें झुलड़ी पहनाकर एवं साफा बांधकर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप सम्मानित किया गया। शिविर का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान शासन की एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से प्रशासन स्वयं नागरिकों के द्वार तक पहुँचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। अभियान अंतर्गत घर-घर जाकर आवेदन एकत्र किए जा रहे हैं तथा शत-प्रतिशत निराकरण की प्रभावी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि यदि कोई आवेदन छूट जाता है, तो 15 फरवरी के बाद क्लस्टर स्तरीय शिविरों के माध्यम से उसका निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से 106 सेवाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर अभियान का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जाए।
भगोर क्षेत्र में सिकल सेल के 12 रोगियों की जानकारी मिलने पर संभागायुक्त ने शत-प्रतिशत सिकल सेल स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विवाह से पूर्व सिकल सेल जांच को आवश्यक बताते हुए भावी पीढ़ी को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि संभागायुक्त का झाबुआ आगमन जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है तथा शेष आवेदनों के लिए 15 फरवरी के बाद शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने माताओं-बहनों, वरिष्ठ नागरिकों से अभियान का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।
जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि जिले की 375 ग्राम पंचायतों एवं 5 नगरीय निकायों में अभियान प्रभावी रूप से संचालित है तथा अब तक 17 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
शिविर में स्व सहायता समूहों की सफलता की कहानियाँ साझा की गईं तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। संभागायुक्त ने ग्राम पंचायत का निरीक्षण कर मनरेगा भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती भूरी भाबोर, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, एसडीएम पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !