अमित शर्मा
झाबुआ। पुलिस अधीक्षक संजय तिवारी ने बताया कि 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख स्थित हाॅट स्प्रिंग्स पर कर्तव्यरत सीआरपीएफ के जवानों ने चीनी सेना के आक्रमण को विफल करते हुए देश के लिये अपने प्राणों की आहूति दी थी, तब से प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन गत् वर्ष में कर्तव्य की वेदी पर देश के लिये बलिदान देने वाले शहीद पुलिस कर्मियों का स्मरण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये जाते हैं। प्रत्येक राज्य से पुलिस कर्मियों का प्रतिनिधिदल 20 दिनों की यात्रा कर हाॅट स्प्रिंग्स पहुॅंचता है व शहीदों को सलामी देता है। इस यात्रा में शामिल होना प्रत्येक पुलिस कर्मी के लिये गौरव की बात होती है। विगत् वर्ष में 434 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने कर्तव्य पर देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहूति दी थी। आज 21 अक्टूबर को पुलिस लाईन झाबुआ स्थित परेड ग्राउंड में प्रातः 8 बजे से परेड फालिन, सलामी परेड, शहीद नामावली का नाम वाचन, शहीद स्मारक पर रीथ अर्पण, शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पण, परेड द्वारा शोक शस्त्र की कार्यवाही, परेड को उल्टा शस्त्र की स्थिति में शहीद स्मारक के दाहिने-बांये से धीमी चाल में गुजारने एवं परेड विसर्जन की कार्यवाही होगी। इन शहीदों को स्मरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये जाने हेतु झाबुआ पुलिस लाईन स्थित परेड ग्राउंड में जिले के समस्त जनप्रतिनिधि गण, स्वतंत्रता संग्राम सैनानी, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहेंगे।


