अमित शर्मा झाबुआ अभी तक
झाबुआ, 22 अप्रैल 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी व्यवस्था की निगरानी के तहत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बुधवार को विकासखंड थांदला स्थित मध्यप्रदेश स्टेट वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के गोदाम परिसर में संचालित उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, स्लॉट बुकिंग, किसानों की सुविधाओं एवं संपूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि केंद्र पर कुल 129 स्लॉट बुकिंग के विरुद्ध अब तक 72 स्लॉट पर गेहूं खरीदी पूर्ण की जा चुकी है, जबकि शेष स्लॉट के अनुसार खरीदी कार्य जारी है। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति जानी। किसानों ने बताया कि स्लॉट बुकिंग से लेकर खरीदी तक की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है और उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को देखते हुए केंद्र पर छाया, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के केंद्र पर पहुंचने पर किसानों ने उत्साहपूर्वक साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) थांदला श्री भास्कर गाचले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

