अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ, 12 जून। झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिटोल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक के जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम ड्यूटी पर होने के कारण ओपीडी में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को प्रतीक्षा करते देख कलेक्टर ने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर एएनसी, टीकाकरण, पोषण एवं नियमित जांच की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी। कलेक्टर ने एएनसी की ऑनलाइन प्रविष्टियों की भी समीक्षा कर रिकॉर्ड अद्यतन रखने और सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा वितरण, जांच सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसके बाद उन्होंने पिटोल में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण कर संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

