अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ। झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई ने राणापुर तहसील कार्यालय में आयोजित पटवारियों की समीक्षा बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा आगामी मानसून को लेकर आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की गई। एसडीएम ने लंबित राजस्व प्रकरणों एवं 50 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शीघ्र और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। बैठक में तहसीलदार हुकुमसिंह निंगवाल सहित सभी पटवारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।

