सनातन संस्कार शिविर के तीसरे दिन बच्चों को मिला ज्ञान, संस्कार और नवाचार का पाठ। खेल-खेल में सीख रहे संस्कार और विज्ञान, पाठशाला में बच्चों का उत्साह।

JHABUA ABHITAK

अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)

झाबुआ। सामाजिक महासंघ झाबुआ द्वारा आयोजित पांच दिवसीय सनातन संस्कारों की पाठशाला एवं बाल मेले के तीसरे दिन बच्चों को सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और रचनात्मक शिक्षा का पाठ पढ़ाया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी राजाराम कटारा ने कहा कि सभी जातियां समान और महान हैं। समाज में परस्पर सम्मान और भाईचारे की भावना ही देश को सशक्त एवं समृद्ध बनाती है।
पूर्व प्राचार्य एवं व्याख्याता रविंद्र सिंह सिसोदिया ने बच्चों को अनुपयोगी वस्तुओं को उपयोगी बनाने के तरीके बताए। उन्होंने फ्यूज बल्ब, ट्यूबलाइट, प्रेशर कुकर, प्रेस सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से बच्चों को रचनात्मक सोच और नवाचार का महत्व समझाया।

संस्कार पाठशाला का संचालन कर रहीं मधुबाला शर्मा ने बच्चों को भारतीय संस्कृति के 16 संस्कारों की जानकारी दी, जबकि सुषमा गहलोत ने गायत्री पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। कवि जयंत बैरागी ने अपनी काव्य रचनाओं से बच्चों का मनोरंजन करते हुए उन्हें सनातन संस्कारों का संदेश दिया। भारती सोनी ने सरस्वती वंदना एवं राष्ट्र वंदना प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में राधेश्याम परमार ने बच्चों से रामायण, महाभारत और श्रीमद्भगवद्गीता से जुड़े प्रश्न पूछे तथा इन ग्रंथों की जीवन में उपयोगिता बताई। वहीं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए।

विशेष आकर्षण के रूप में सागर से आईं आर्या ताम्रकार, अनन्या भारद्वाज, अनाया साहू और दिव्यांश सिंह चौहान ने बच्चों के साथ प्रश्नोत्तरी आयोजित कर ज्ञानवर्धक संवाद किया।

सामाजिक महासंघ के अध्यक्ष नीरज सिंह राठौर ने झाबुआ जिले के इतिहास, संस्कृति और धार्मिक स्थलों से जुड़े रोचक प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

पाठशाला का शुभारंभ प्रतिदिन हनुमान चालीसा पाठ से तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया जाता है। बच्चों को अल्पाहार के साथ झूले, चकरी और मिकी माउस जैसे मनोरंजक साधनों का भी आनंद दिलाया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की भी सहभागिता रही।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !