अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ /थांदला। स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से थांदला एसडीएम भास्कर गाचले ने गुरुवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) कार्यालय एवं जल परीक्षण प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल योजनाओं की प्रगति, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली तथा जल गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने जल परीक्षण प्रयोगशाला में विभिन्न जल स्रोतों से प्राप्त नमूनों की जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा पीएच, टीडीएस, फ्लोराइड और क्लोरीन परीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल गुणवत्ता की नियमित जांच से ही लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है।
एसडीएम ने निर्देश दिए कि जल परीक्षण किट की जानकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाई जाए तथा पानी मित्र नियमित रूप से जल स्रोतों की जांच करें। दूषित पानी मिलने पर तत्काल नमूना परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वर्षाकाल को देखते हुए क्लोरीन एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर पीएचई के एसडीओ राहुल सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एसडीएम गाचले ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और जल गुणवत्ता की निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

