अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ= शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पात्र किन्तु वंचित हितग्राहियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिलेभर में 12 जून से 18 जून 2026 तक जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों का आयोजन जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से किया जाएगा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।
जनकल्याण शिविरों में केन्द्र एवं राज्य शासन की प्रमुख हितग्राहीमूलक, सेचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित योजनाओं के पात्र किन्तु वंचित हितग्राहियों की पहचान कर उनका पंजीयन, आवेदन स्वीकृति एवं लाभ वितरण की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों एवं समस्याओं का मौके पर निराकरण भी किया जाएगा।
शिविरों में अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, ऊर्जा विभाग, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, परिवहन विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, राजस्व विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, वित्त विभाग, श्रम विभाग, सहकारिता विभाग, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
इन शिविरों के माध्यम से कुल 23 विभागों की 110 योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न प्रमाण-पत्र, पंजीयन, स्वीकृतियां, आर्थिक सहायता तथा अन्य विभागीय लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
नगर पालिका परिषद झाबुआ क्षेत्र में जनकल्याण शिविरों का आयोजन 12 जून से 18 जून 2026 तक प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक किया जाएगा। आजाद चौक, वार्ड क्रमांक 06 में 12, 13 एवं 15 जून 2026 को शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वार्ड क्रमांक 01 से 06 तक के हितग्राही सम्मिलित हो सकेंगे। इसी प्रकार बाल मंदिर, वार्ड क्रमांक 08 में 16, 17 एवं 18 जून 2026 को आयोजित शिविरों में वार्ड क्रमांक 07 से 12 तक के हितग्राही लाभ प्राप्त कर सकेंगे। पशु चिकित्सालय परिसर, वार्ड क्रमांक 18 में 16, 17 एवं 18 जून 2026 को आयोजित शिविरों में वार्ड क्रमांक 13 से 18 तक के हितग्राही सम्मिलित होकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित जनकल्याण शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।

