अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ, 7 जून। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में आमजन के सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र, झाबुआ में जनपरामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च स्तरीय समिति की सदस्य एवं शिक्षाविद् डॉ. शोभा पैठणकर ने विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद कर सुझाव प्राप्त किए।
डॉ. पैठणकर ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य विवाह, विवाह विच्छेद, भरण-पोषण, उत्तराधिकार एवं दत्तक ग्रहण जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शासन व्यापक जनसंवाद के माध्यम से सुझाव एकत्र कर रहा है, जिनके आधार पर यूसीसी का प्रारूप तैयार किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि शासन की मंशा सभी वर्गों की राय को नीति निर्माण में शामिल कर जनहितकारी एवं प्रभावी व्यवस्था विकसित करने की है। वहीं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि यूसीसी समाज में समानता आधारित व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों एवं नागरिकों ने मुख्य रूप से विवाह संबंधी कानूनों में समानता, महिलाओं के उत्तराधिकार अधिकारों को मजबूत करने, जनजातीय समाज की परंपराओं के संरक्षण तथा कानूनों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर सुझाव दिए। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के एडीएम सी एस सोलंकी , सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल एसडीएम महेश मंडलोई , सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

