अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
झाबुआ, 09 मई 2026।। जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना) कार्य को समयपूर्व एवं शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाले 30 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का शुक्रवार को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सम्मान किया। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच पूरी निष्ठा, समर्पण और समयबद्धता के साथ जनगणना कार्य पूरा करना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है और इससे प्राप्त आंकड़े शासन की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस कार्य में लगे प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती रीतिका पाटीदार सहित संपूर्ण टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर समन्वय एवं प्रतिबद्धता के कारण जिले में जनगणना कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। नवागांव की प्रगणक भगवती बघेल ने बताया कि पिता की गंभीर तबीयत के बावजूद उन्होंने परिवार के सहयोग से अपना कार्य समयपूर्व पूरा किया। वहीं रामा तहसील के ग्राम बोचका से जुड़े प्रगणक ने पहली बार जनगणना कार्य करने के अनुभव को उत्साहवर्धक बताया।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आगामी चरणों में भी पूरी गंभीरता एवं गुणवत्ता के साथ जनगणना कार्य पूर्ण करने का संकल्प लिया। कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों से इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे भी कार्य करने का आह्वान किया।

