अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ, 20 मई। धरती आबा योजना अंतर्गत संचालित “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले अभियान” के तहत थांदला विकासखंड के ग्राम उदयपुरिया में संतृप्ति शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव पहुंचकर संतृप्ति शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामवासियों की स्वच्छता एवं गांव को आदर्श बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
शिविर में राशन वितरण में गड़बड़ी एवं कम तौल की शिकायतों पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद करते हुए उन्होंने “लखपति दीदी” योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 70 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा बीपी, डायबिटीज एवं टीबी जैसी बीमारियों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। सामाजिक न्याय विभाग ने दिव्यांग हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड एवं पेंशन स्वीकृति पत्र वितरित किए। राजस्व विभाग ने खाता-खसरा नकल प्रदान की, वहीं एमआरएलएम अंतर्गत महिलाओं को शिक्षा एवं स्वरोजगार से जुड़ी सामग्री वितरित की गई।
शिविर के दौरान सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण, कपिल धारा कूप भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं किसान सम्मान निधि से जुड़ी शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। दिव्यांग महिला को राशन उपलब्ध कराने एवं हियरिंग लॉस से पीड़ित बालिका के उपचार हेतु भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, एसडीएम भास्कर गाचले, तहसीलदार सुखदेव डावर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

