राणापुर में 27 अगस्त को लगेगा जन-विश्वास शिविर ।।आमजन की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर रहेगा विशेष जोर

JHABUA ABHITAK

अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ, 26 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत इस सप्ताह राणापुर विकासखंड में गुरुवार, 27 अगस्त को भ्रमण एवं जन-विश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार, 28 अगस्त को शासकीय अवकाश होने के कारण अभियान की गतिविधियां एक दिन पूर्व गुरुवार को होंगी।

शिविर में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के साथ सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। पात्रतानुसार समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।

अभियान के दौरान लोक सेवा गारंटी, राजस्व संबंधी नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा राणापुर विकासखंड की शासकीय संस्थाओं, योजनाओं एवं विकास कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया जाएगा। जनसंवाद एवं उद्यम संवाद के माध्यम से नागरिकों, हितग्राहियों और उद्यमियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताएं जानी जाएंगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निराकरण किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !