अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ। राणापुर थाना क्षेत्र में नव दंपति के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का झाबुआ पुलिस ने पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें एवं एक धारदार फालिया बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को अर्जुन सिंगाड़ अपनी पत्नी मैना सिंगाड़ के साथ राणापुर हाट बाजार से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान धोबड़ा नदी पुलिया के पास चार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को गिराकर नकदी, पर्स एवं महिला के पहने हुए चांदी के आभूषण लूट लिए थे। मामले में थाना राणापुर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह मोहबिया एवं एसडीओपी कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी जांच एवं मुखबिर सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश उर्फ रहेश बामनिया, अजित गाणावा एवं मुकेश मोहनीय शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण बरामद किए।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश रावत, चौकी कंजावानी स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले में पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

