अमित शर्मा ( झाबुआ अभीतक)
झाबुआ =जिले के नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में जिले के शानदार प्रदर्शन पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव का क्षण है और पूरे प्रदेश में झाबुआ की पहचान को मजबूत करती है।
कलेक्टर ने बताया कि हायर सेकेंडरी में 93.23% परिणाम के साथ जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है, वहीं हाई स्कूल में 87.83% परिणाम के साथ झाबुआ प्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में शामिल हुआ है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया।
उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता आगे और बेहतर करने की प्रेरणा बनेगी। साथ ही आगामी वर्ष में शत-प्रतिशत परिणाम का लक्ष्य हासिल करने के लिए अभी से तैयारी करने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने कक्षा 10वीं में 495 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली कु. सीमा भयडिया (शा. कन्या उ.मा.वि. राणापुर) को विशेष बधाई दी। वहीं अणु पब्लिक स्कूल, थांदला की छात्रा हर्षि लूणावत को वाणिज्य संकाय में प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त करने पर भी शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सफलता पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

