अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ =मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि जनजातीय अंचलों के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और आधुनिक कृषि पद्धतियों को साथ लेकर आगे बढ़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया जैसी आनुवांशिक बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने के साथ किसानों को आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
राज्यपाल झाबुआ में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम एवं कृषि उपकरण-बीज वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सिकल सेल एक आनुवांशिक रक्त विकार है, जिसमें लाल रक्त कणिकाएं हंसिया के आकार की हो जाती हैं और जल्दी टूटने लगती हैं। इससे मरीज को एनीमिया, पीलिया, तिल्ली बढ़ने तथा शरीर के विभिन्न अंगों में असहनीय दर्द की समस्या हो सकती है। कई बार यह बीमारी गंभीर स्थिति भी उत्पन्न कर सकती है।
राज्यपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 21 नवंबर 2021 को राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन शुरू किया गया था, जिसके प्रथम चरण में झाबुआ और अलीराजपुर जिलों में पायलट परियोजना लागू की गई। झाबुआ जिले में अब तक 0 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 8 लाख 57 हजार 415 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें 16 हजार 667 बाहक तथा 1 हजार 787 मरीजों की पहचान कर उन्हें नियमित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 30 लाख से अधिक जांचें की जा चुकी हैं और 1 करोड़ से अधिक डिजिटल कार्ड वितरित किए गए हैं। उन्होंने जिले द्वारा स्क्रीनिंग और डिजिटल कार्ड वितरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति उपयोजना के अंतर्गत झाबुआ और अलीराजपुर जिले के 300 से अधिक जनजातीय किसानों को लगभग 36 लाख रुपये लागत के कृषि उपकरण एवं बीज वितरित किए गए। इसके तहत 250 किसानों को फावड़ा, छाता, टॉर्च, त्रिपाल, डिब्बलर मशीन, वर्मी बेड और सब्जी किट जैसी सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जिले में महिलाएं खेती-किसानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और शासन की योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। सांसद अनीता नागर सिंह चौहान ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए स्वास्थ्य और कृषि दोनों क्षेत्रों में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए तथा कृषि विज्ञान केंद्र अलीराजपुर में स्थापित एकीकृत कृषि प्रणाली इकाई और बीज गोदाम का वर्चुअल लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर, कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित

