अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ, 12 अप्रैल 2026। जिले में पदस्थ नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के झाबुआ आगमन पर आस्था और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला। कलेक्टर डॉ. भरसट ने सपरिवार सर्वप्रथम जिले के प्रसिद्ध प्राचीन दक्षिणमुखी कालका मंदिर पहुंचकर माता कालका के दर्शन किए एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना की।
मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच विधि-विधान से पूजा सम्पन्न हुई, जिसमें स्थानीय पुजारी एवं श्रद्धालुजन भी उपस्थित रहे। यह मंदिर अपनी प्राचीनता, धार्मिक मान्यता एवं ऐतिहासिक महत्व के कारण क्षेत्र में विशेष आस्था का केंद्र माना जाता है।
इसके पश्चात कलेक्टर डॉ. भरसट ने श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने जिले के जनकल्याण एवं प्रशासनिक दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए प्रार्थना की।
इसके उपरांत गेल रेस्ट हाउस में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार, एसडीएम झाबुआ श्री महेश कुमार मण्डलोई, एसडीएम थांदला श्री भास्कर गाचले सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सोमवार को विधिवत रूप से कलेक्टर पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे

