अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ= कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11.400 किलोग्राम चांदी के जेवरात, सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त ईको कार सहित कुल लगभग 40 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 05 मार्च को फरियादी पूनमचंद चौहान मेघनगर स्थित अपने प्रतिष्ठान से सोने-चांदी के आभूषण लेकर झाबुआ जा रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे फुलमाल तिराहा के पास हाईवे पर अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 167/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक शिव दयाल सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पाया कि घटना में ईको कार (RJ17 UA 8516) का उपयोग किया गया था और आरोपी घटना के बाद राजस्थान की ओर भाग गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान के झालावाड़ जिले के आवर क्षेत्र से चार आरोपियों शहाबुद्दीन, शाहरुख, राहुल और जयश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.400 किलोग्राम चांदी (लगभग 32 लाख 50 हजार रुपये), करीब 1 लाख रुपये के सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त ईको कार (कीमत लगभग 7 लाख रुपये) जब्त की है। इस कार्रवाई में एसडीओपी झाबुआ रूपरेखा यादव, थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे सहित पुलिस टीम और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की गई है।

