अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ =विश्व कैंसर दिवस पर 4 फरवरी को जिला चिकित्सालय झाबुआ में कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम सीएमएचओ डॉ. बी.एस. बघेल के मार्गदर्शन में तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. देवेन्द्र भायल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
शिविर में सर्वाइकल, स्तन एवं मुख कैंसर की जांच कर कुल 53 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। मरीजों को प्रारंभिक पहचान, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व की जानकारी दी गई तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
आरएमओ डॉ. सावन चौहान एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सविता यादव ने कैंसर से बचाव, नियमित जांच तथा महिलाओं में सर्वाइकल व स्तन कैंसर की शीघ्र पहचान पर जोर दिया।
डॉ. देवेन्द्र भायल ने बताया कि जिला चिकित्सालय झाबुआ में कैंसर जांच, ऑपरेशन एवं कीमोथेरेपी उपचार निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।

