पहले से शादी शुदा बनी दुल्हन… शादी के नाम पर 4.50 लाख की ठगी: झाबुआ में ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरफ़्तार ।।
अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ। जिले में वैवाहिक धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। झाबुआ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शादी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाली कर्नाटक निवासी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर संगठित तरीके से वैवाहिक ठगी करने के आरोप हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पेटलावद निवासी देवेंद्र राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मंजू एवं गीता जैन के माध्यम से 18 नवंबर 2025 को उसकी शादी नागवा नामक महिला से कराई गई थी। विवाह के एवज में आरोपियों द्वारा ₹4.50 लाख की राशि ली गई थी।
शादी के कुछ ही दिनों बाद आरोपी महिला जमीन विवाद का बहाना बनाकर कर्नाटक चली गई और वापस नहीं लौटी। इसके बाद फरियादी को एक फोन कॉल के माध्यम से जानकारी मिली कि आरोपी महिला पहले से विवाहित है तथा उसके दो बच्चे भी हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला ने फरियादी के बाद कर्नाटक में एक अन्य व्यक्ति से भी विवाह किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवेदक की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश एवं गिरोह से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि विवाह तय करते समय किसी भी प्रकार के आर्थिक लेन-देन एवं बिचौलियों से सावधानी बरतें तथा संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

