अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ = कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में जिले में विजयदशमी पर्व के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर पुलिस लाईन में पारंपरिक शस्त्र पूजन उत्साह और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर झाबुआ नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक झाबुआ शिव दयाल सिंह के द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार से शस्त्र पूजन संपन्न किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को मंगल कामना के साथ ही दशहरा का त्योहार शांति पूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। विजयदशमी पर्व पर आयोजित इस शस्त्र पूजन समारोह ने उपस्थित जनों को न केवल सांस्कृतिक गौरव का अनुभव कराया, बल्कि कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया।
शस्त्र पूजा के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अति. पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, अपर कलेक्टर श्री चंद्र सिंह सोलंकी, एसडीएम श्री भास्कर गाचले, एसडीओपी झाबुआ श्रीमती रूपरेखा यादव, डीएसपी श्री कमलेश शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री अखिलेश राय एवं रक्षित केंद्र, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

