अमित शर्मा
झाबुआ। स्थानीय श्री ऋषभदेव बावन जिनालय के सामने स्थित श्री नाकोड़ा भैरव मंदिर का 17वां प्रतिष्ठा एवं ध्वजारोहण महोत्सव गुरूवार को जैन श्वेतांबर श्री संघ एवं श्री नाकोड़ा जैन श्वेतांबर ट्रस्ट द्वारा धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में मुख्य रूप अष्टप्रकारी पूजन, शिखर पर ध्वजारोहण एवं हवन का आयोजन होगा।
यह जानकारी देते हुए श्री संघ के युवा रिंकू रूनवाल ने बताया कि महान चमत्कारी श्री नाकोड़ाजी तीर्थ के अधिष्ठायक देव श्री नाकोड़ा भैरवनाथ मंदिर की 17वीं स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर सुबह साढ़े 7 बजे अष्टप्रकारी पूजन, 9 बजे श्री नाकोड़ा भैरवजी, श्री चक्रेश्वरी देवीजी, श्री पद्मावती देवीजी एवं श्री लक्ष्मीदेवीजी की आरती की जाएगी। पश्चात् वार्षिक पट् बोलियां होगी। प्रभावना अशोक अतीश सकलेचा परिवार की ओर से वितरित की जाएगी। 11.15 बजे मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करने का लाभ चन्द्रशेखर, मनोजकुमार, मुकेशकुमार जैन ‘नाकोड़ा’ परिवार द्वारा लिया जाएगा।
महाआरती का होगा आयोजन
दोपहर 1 बजे श्री नाकोड़ा भैरवजी की पूजन एवं हवन विधिकारक वेलजीभाई इंदौर द्वारा संपन्न करवाई जाएगी। शाम 6 बजे श्री नाकोड़ा भैरवजी की सुंदर अंगरचना लाभार्थी मुकेश जैन ‘नाकोड़ा’ परिवार द्वारा की जाएगी। रात्रि 8 बजे महाआरती का आयोजन हेगा। जैन श्वेतांबर श्री संघ एवं श्री नाकोड़ा जैन श्वेतांबर ट्रस्ट द्वारा सभी धार्मिक कार्यक्रमों में समाजजनों से बढ़-चढ़कर शामिल होकर लाभ लेने की अपील की है।

