अमित शर्मा झाबुआ अभीतक
झाबुआ से दौलत गोलानी की रिपोर्ट
झाबुआ। सर्वोदय कला मंडल द्वारा इस वर्ष 45वां शारदेय नवरात्रि महोत्सव 11 से 19 अक्टूबर तक बुनियादी हाईस्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकार को भी जोड़ा गया है। मंडल की युवा टीम जिला चिकित्सालय में रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करेगी।
नवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार रात बुनियादी मैदान पर मंडल की विशेष बैठक हुई। बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी अजय रामावत, उद्योगपति मनोज भाटी, परामर्शदाता सुधीर तिवारी, अध्यक्ष राजनारायण गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य भरत पाटीदार एवं शिक्षक फिरोज खान मौजूद रहे।
मंडल के अनुसार 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे घट स्थापना के अवसर पर बैंड-बाजों के साथ चल समारोह निकाला जाएगा और मां दुर्गा की प्रतिमा पंडाल में विराजित की जाएगी। इस बार प्रतिमा शिव-पार्वती थीम पर तैयार की जाएगी। प्रतिदिन रात 8.30 बजे आरती-प्रसादी के बाद रात 9 बजे से मध्यरात्रि 1 बजे तक फरता रास एवं गरबा रास होगा। गरबा स्थल पर आकर्षक विद्युत सज्जा और आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति भी रहेगी।
नवरात्रि के छठवें दिन कन्या भोज तथा 18 अक्टूबर को रात 9 बजे महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा। 19 अक्टूबर को रात्रि जागरण के बाद अलसुबह चल समारोह के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
रक्तदान से दिया जाएगा सामाजिक संदेश
मंडल ने इस बार नवरात्रि आयोजन के साथ ‘रक्तदान महादान’ का संदेश देने का निर्णय लिया है। युवा सदस्यों द्वारा जिला चिकित्सालय में रक्तदान किया जाएगा। मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की सहायता के साथ युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करना है।
28 सितंबर से गरबा प्रशिक्षण
गरबा प्रेमियों के लिए 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक प्रतिदिन एक घंटे गरबा प्रशिक्षण दिया जाएगा। साज रंग झाबुआ के प्रशिक्षक मुकेश बुंदेला द्वारा केशव विद्यापीठ, हाउसिंग बोर्ड परिसर में गरबा की विभिन्न स्टेप्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। फरता रास के लिए डांडिया आयोजन समिति की ओर से उपलब्ध करवाए जाएंगे।
बैठक के समापन अवसर पर नवरात्रि महोत्सव की आमंत्रण पत्रिकाओं का अतिथियों, मंडल के युवा सदस्यों एवं मातृशक्ति की मौजूदगी में विमोचन किया गया। इस दौरान माता रानी के जयघोष से परिसर गूंज उठा।
सर्वोदय कला मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि मंडल द्वारा वर्ष 1982 से बुनियादी मैदान पर गरबा रास का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 45 वें आयोजन को व्यापक रूप देने की तैयारी है। इस वर्ष कोषाध्यक्ष का कार्यभार मुकेश पाटीदार एवं दर्शन शुक्ला करेंग । कार्यक्रम का संचालन मंडल के आशीष चतुर्वेदी एवं दर्शन शुक्ला ने किया आभार कुंता सोनी ने किया।।

