अमित शर्मा
झाबुआ-- सहायक आदिवासी विकास झाबुआ शकुन्तला डामोर ने आज शुक्रवार को रानापुर विकास खण्ड क्षैत्र की संस्थाओं का निरीक्षण किया। क्षेत्र में भ्रमण के दौरान विभिन्न संस्थाओं का अवलोकन किया।
मा.वि. सनोड में अवलोकन के दौरान शिक्षक केशवसिंह पालिया, बिना अवकाश स्वीकृत कराये अनुपस्थित पाये गये। साथ ही हिम्मतसिंह बामनिया अध्यापन कार्य न कराते हुए बाहर कुर्सी पर बैठे पाये गये।
प्रा.वि. सनोड में अवलोकन के दौरान शिक्षक वेस्ता वसुनिया भी संस्था से बाहर बैठे हुए पाये गये। संस्था में छात्रों का अध्यापन कार्य व छात्रों का शैक्षणिक स्तर भी ठीक से नहीं पाया गया ।
प्रा.वि.करवांदी में शिक्षक लालसिंह वाखला बिना अवकाश के अनुपस्थित पाये गये। हाई स्कूल अंधारवाड परिसर में अवलोकन के दौरान गंदगी पाई गई।
इस पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीमती डामोर ने नाराजगी जाहिर की एवं प्रा.वि. सनोड, मा.वि. सनोड एवं प्रा.वि. करवादी के शिक्षको का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी करते हुए हाई स्कूल अंधारवाड के प्रभारी प्राचार्य अरूण टैलर को स्पष्टीकरण जारी किया।


