अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
झाबुआ, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने संवेदनशील पहल करते हुए सिकल सेल से प्रभावित बच्चों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। कलेक्टर अपने परिवार के साथ डुंगराधन्ना निवासी सिकल सेल वॉरियर हार्दिक सिंगाड़िया एवं रिशिता सिंगाड़िया के घर पहुंचे। यहां बच्चों ने उन्हें स्नेहपूर्वक राखी बांधी। कलेक्टर ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, खुशहाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों एवं उनके परिजनों से सहज संवाद कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और नियमित देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ‘सिकल सेल मित्र’ केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बच्चों और उनके परिवारों के सुख-दुःख में सहभागी बनने की पहल है। जिला प्रशासन सिकल सेल से प्रभावित बच्चों के स्वास्थ्य, उपचार एवं आवश्यक सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
अपने निवास पर भी मनाया रक्षाबंधन
इसी क्रम में आमली फलिया निवासी सिकल सेल वाहक पायल वाखला एवं विजय वाखला को कलेक्टर ने अपने निवास पर रक्षाबंधन मनाने के लिए आमंत्रित किया। यहां बच्चों के साथ आत्मीय वातावरण में पर्व मनाया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने जिले के सभी ‘सिकल सेल मित्रों’ से अपील की कि वे अपने से जुड़े सिकल सेल वॉरियर्स एवं वाहकों से नियमित संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर उनके साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन करें और आवश्यकता के समय हरसंभव सहयोग दें, ताकि सिकल सेल से प्रभावित बच्चों एवं उनके परिवारों को यह भरोसा रहे कि वे अकेले नहीं हैं, पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

