श्री गोवर्धननाथजी की हवेली में रचा गया तुलसी विवाह का दिव्य उत्सव, पुष्टिमार्गीय भावों के संग हुआ देवोत्थान, शीतकालीन सेवाओं का शुभारंभ और वैदिक मंत्रोच्चार से जगाया गया प्रभु को

JHABUA ABHITAK

अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक) 
दौलत गोलानी की रिपोर्ट
झाबुआ। शहर के आजाद चौक के समीप श्री गोवर्धननाथ मंदिर (हवेली) में देव प्रबोधिनी एकादशी एवं तुलसी विवाह महोत्सव पुष्टिमार्गीय सेवा भाव, वैदिक परंपरा और उत्सवी उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मंदिर ट्रस्ट के सर्वाध्यक्ष पूज्यपाद गोस्वामी 108 श्री दिव्येश कुमारजी महाराज श्री की आज्ञानुसार आयोजित इस पावन उत्सव में प्रातः मंगला दर्शन बाद उत्सवानुरूप अभ्यंग स्नान कराया गया। 
प्रातः 10:00 बजे खुले श्रृंगार दर्शन में प्रभु को लाल जरी के चाकदार बागे, लाल कुल्हे पाग, मोर पर चंद्रिका की जोड़, हीरे के पान तथा माणिक, हीरा, पन्ना व स्वर्ण आभूषणों से सजाकर मनमोहक दूल्हा स्वरूप में श्रृंगारित किया गया। संध्याकाल लगभग 5.30 बजे वैष्णवजनों द्वारा डोल तिबारी चौक में तैयार इक्षु (गन्ने) के मंडप में ठाकुरजी को पधराया गया और घंटा-झालर तथा शंखनाद के बीच देवोत्थापन के दर्शन खुले। पुष्टि एवं सनातन मान्यता अनुसार चार मास की योगनिद्रा से प्रभु को जगाने के भाव के साथ संस्कृत श्लोक "उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते, त्वयि सुप्ते जगत्सुप्तं विबुद्धे च जगत्पति:" के पाठ तथा देव जागरण के क्रम में तीन बार ठाकुरजी की चौकी को उठाकर प्रभु का देवोत्थान संपन्न कराया गया। मंडप में ठाकुरजी के सम्मुख प्रतीकात्मक स्वरूप भगवान श्री शालीग्राम का वैदिक रीति से पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके साथ ही हवेली में शीतकालीन सेवाओं का शुभारंभ हुआ। अंगीठी प्रज्जवलित कर चातुर्मास में वर्जित हरी सब्जियों एवं भाजी के साथ गन्ना, ईख, सिंघाड़े और सीताफल जैसे हरे फलों का भोग धराया गया तथा शीतकालीन उपचार के रूप में रुई की दगल और चरणारविंद में मोजाजी धारण कराए गए। आरती दर्शन बाद चौक में दीपमालाओं और मंदिर पर विद्युत सज्जा से छटा बिखरी। *माता तुलसी एवं भगवान शालीग्राम का विवाह करवाया गया -* रात 7 से 10 बजे तक जागरण के तीन दर्शन एवं आरतियों के दौरान कीर्तनिया मंडली ने "बैठे इक्षु मंडप में आए, "अरी चल दुल्हे देखन जाए, सुंदर श्याम माधुरी मूरत अखिया निरख सिराए" और "दूल्हे गिरधर लाल छबीलो, दुल्हन राधा गोरी जू" जैसे पदों का गायन कर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। इसके बाद रात्रि 10.30 बजे इक्षु मंडप में मंदिर के मुखिया दिलीप आचार्य एवं विद्वत ब्राह्मणजनों ने मंगलाष्टक और वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य माता तुलसी और भगवान श्री शालीग्रामजी का विवाह संपन्न कराया गया। तुलसी विवाह मनोरथी का लाभ राधेश्याम पटेल परिवार ने लिया, जिसके उपरांत पारंपरिक रीति से कन्यादान हुआ और बड़ी संख्या में वैष्णव भक्तजन इस दिव्य उत्सव के साक्षी बने।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !