अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
दौलत गोलानी की रिपोर्ट
झाबुआ। शहर के कॉलेज मार्ग पर अति प्राचीन श्री खोडियाल माता मंदिर पर तीन दिवसीय प्राण एवं कलश प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत 22 नवंबर, रविवार से भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान प्रमुख स्थानों पर आतिशबाजी के साथ जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत भी किया गया। जानकारी देते हुए श्री खोडियाल माता मंदिर समिति से जुड़े माता भक्त गोपाल नीमा एवं पूजारी भारत बामनिया ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे स्थानीय नेहरू मार्ग स्थित प्राचीन श्री दक्षिणमुखी महाकालिका माता मंदिर परिसर में समस्त माता भक्त एकत्रित हुए। यहां मंदिर परिसर से बैंड-बाजों के साथ भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा आरंभ की गई। शोभायात्रा में आगे आदिवासी नृतक दल द्वारा जिले की आदिवासी संस्कृति एवं परंपरा अनुसार नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। इसके पीछे बैंड-बाजों पर धार्मिक भजनों एवं गीतों से संपूर्ण शहर गूंजयमान हुआ। यात्रा में महिलाएं एवं बालिकाएं एक जैसे लाल वस्त्रों में अपने सिर पर कलश लेकर चली। सभी ने उत्साहपूर्वक श्री खोडियाल माता के सामूहिक जयघोष लगाएं। मंदिर से जुड़े युवा अपने हाथों में केसरिया ध्वज लेकर चल समारोह में शामिल हुए। इसके पीछे श्री खोडियाल माता मंदिर समिति से जुड़े सदस्यगण एक जैसी वेशभूषा कुर्ता-पजामा में सम्मिलित हुए। शोभायात्रा में अतिथि के रूप में भाजपा खेल प्रकोष्ठ जिला संयोजक एवं नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेश बिट्टू सिंगार, पूर्व नपा अध्यक्ष धनसिंह बारिया, कांग्रेस जिला महामंत्री हेमेंद्र बबलू कटारा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नरवेश अमलियार शामिल हुए। चल समारोह में सबसे पीछे विशेष रथ पर खोडियाल माताजी की प्रतिमा स्थापना हेतु विराजमान रहीं। रथ में प्रतिमा को साथ लेकर रविराजसिंह राठौर एवं राधेश्याम पटेल चले।
ऐतिहासिक स्वागत और जोरदार आतिशबाजी की गई - शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह विभिन्न संस्थाओं एवं समाजों द्वारा पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। वहीं प्रमुख मार्गो एवं चौराहों पर जमकर आतिशबाजी भी की गई। यात्रा शहर के श्री गोवर्धननाथ मंदिर तिराहा, आजाद चौक, बाबेल चौराहा, थांदला गेट, रूनवाल बाजार, राजवाड़ा, कॉलेज मार्ग होते हुए प्राचीन श्री खोडियार माता मंदिर पहुंची। यहां मंदिर समिति एवं मंदिर से जुड़े भक्तजनों ने यात्रा की अगवानी की एवं सभी के लिए स्वल्पाहार का आयोजन रखा गया।
होगा प्रतिमा का विधि-विधान -
मंदिर समिति से जुड़े वरिष्ठ गोपाल नीमा ने बताया कि 23 नवंबर, सोमवार को मातारानी की प्रतिमा प्रतिष्ठा एवं कलश स्थापना निमित्त विधि-विधान सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खोडियाल माता मंदिर पर चलेगा। तीसरे दिन 24 नवंबर, मंगलवार दोपहर 12 बजे माताजी की प्रतिमा प्रतिष्ठा एवं कलश स्थापना विजयी मुहूर्त में की जाएगी। इसके बाद खोडियाल माता की महाआरती एवं दोपहर 1 बजे से महाप्रसादी (भंडारा) का आयोजन रखा गया है। मंदिर में ऐतिहासिक समय से स्थापित मां खोडियाल, मां अन्नपूर्णा एवं मां चामुंडा पिंडी स्वरूप में ही मुख्य प्रतिमा के सम्मुख विराजमान रहेंगी। इसके साथ ही सम्मुख श्री भैरवनाथ प्रभु एवं अन्य प्राचीनतम प्रतिमाएं भी श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ यथावत रहेगी। आयोजक श्री खोडियाल माता मंदिर समिति ने समस्त भक्तों से शेष दो दिवसीय आयोजन में आधिकाधिक संख्या में पधारकर कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने तथा धर्म लाभ लेने हेतु आव्हान किया है.।

