अमित शर्मा (झाबुआ अभी तक)
झाबुआ, 28 जून। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने एवं कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत को बनाए रखने के लिए प्रत्येक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक पिलाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि जनसहभागिता का अभियान है। जिले में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री एम.एल. चोपड़ा ने बताया कि 28 से 30 जून तक चलने वाले अभियान में जिले के 2,13,504 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1,185 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें बूथ, हाउस-टू-हाउस, ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमें शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की।

