अमित शर्मा
झाबुआ -आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मनरेगा योजना के कार्यो एवं भुगतान की समीक्षा जनपद पंचायत वार की गई। बैठक में कलेक्टर श्री आशीष सक्सेना ने निर्देश दिये कि दिव्यांगजनो के घर में शौचालय इस तरह से डिजाईन करके बनवाये जाये कि दिव्यांगजनों को असुविधा ना हो। इंदिरा आवास शौचालय एवं मनरेगा का भुगतान 31 मार्च से पूर्व सभी को करवाये। पेंशन का कोई भी हितग्राही पेंशन का भुगतान से वंचित ना रहे यह सुनिश्चित करे। 25 एवं 26 मार्च को सभी ग्राम पंचायत में आधार सीडिंग का काम एक साथ किया जाये। सेल्समेन, आपुर्ति विभाग के पोर्टल एवं सचिव/रोजगार सहायक समग्र पोर्टल पर, पेंशन विभाग के पोर्टल पर सभी के आधार नम्बर एवं मोबाईल नम्बर की सीडिंग करना सुनिश्चित करे। बैठक में योजना की समीक्षा के दोरान गूगल सीट पर गलत जानकारी भरने, खेल मैदान, शमशान घाट का निर्माण नहीं करवाने पर दिनेश ठाकुर सब इंजीनियर की सेवा समाप्ति, राजेश वाकडे एवं आशुतोष मल्होत्रा सब इंजीनियर के एक-एक इन्क्रीमेन्ट रोकने के निर्देश कलेक्टर श्री आशीष सक्सेना ने दिये। मनरेगा योजना में जॉबकार्ड धारी परिवारो को औसतन 50 प्रतिशत से कम काम देने वाले सब इंजीनियरो की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिये। मनरेगा योजना में सेवारत नियमित व संविदा शासकीय सेवको की सी आर यदि समय पर प्राप्त नहीं होगी, तो सेवा अवधि नहीं बढाई जाये।
31 मार्च तक सभी मजदूरो का भुगतान नियमानुसार करवाना सुनिश्चित करे। एक भी व्यक्ति का मजदूरी भुगतान लंबित पाया जाएगा तो संबधित अधिकारी के विरूद्ध मनरेगा अधिनियम के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में सभी सीईओ जनपद को निर्देश दिये गये कि 2 अप्रैल को प्रस्तावित दिव्यांग विवाह सम्मेलन की पूरी तैयारी कर ले। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री आशीष सक्सेना ने की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुराग चौधरी सहित सीईओ जनपद एवं मनरेगा योजना में कार्यरत शासकीय सेवक उपस्थित थे।


