अमित शर्मा झाबुआ अभी तक
झाबुआ, 13 अप्रैल 2026।
नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने पदभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाते हुए कलेक्टर सभा कक्ष में जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया कि काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरे करना अनिवार्य होगा।
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने अधिकारियों से क्रमवार परिचय प्राप्त करते हुए उनके विभागों में संचालित योजनाओं, गतिविधियों एवं प्रगति की गहन समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने आगामी माह की कार्ययोजना एवं प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दो टूक कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने प्रत्येक विभाग को अपनी कार्ययोजना स्पष्ट, व्यवहारिक और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय समन्वय को लेकर भी कलेक्टर का रुख सख्त नजर आया। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल के अभाव में कार्यों की गति प्रभावित होती है, इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, तभी प्रशासनिक गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकेगी।
कलेक्टर ने नागरिक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, जन शिकायतों के प्रभावी समाधान एवं समयबद्ध सेवाएं देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा एवं फील्ड विजिट करने के निर्देश देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आंकलन करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने आगामी माह के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ठोस रणनीति तैयार करने एवं निर्धारित समयावधि में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी. एस. सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावाद सुश्री तनुश्री मीणा, सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षयसिंह मरकाम, संयुक्त कलेक्टर श्री विजय कुमार मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

