अमित शर्मा ( झाबुआ अभीतक) ।।
झाबुआ,= विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना ने डीडीआरसी परिसर स्थित सीडब्ल्यूएसएन हॉस्टल में पहुँचकर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ में भोजन किया ।।
कलेक्टर ने बच्चों से सांकेतिक भाषा में संवाद कर उनकी दैनिक दिनचर्या, पढ़ाई और हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
बच्चे भी उत्साहपूर्वक अपने अनुभव साझा करते नजर आए।कलेक्टर ने कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस हमें याद दिलाता है कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चे हमारी सामूहिक जिम्मेदारी हैं। उनकी प्रतिभा, संवेदनशीलता और क्षमता किसी भी तरह से कम नहीं है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि उन्हें ऐसा वातावरण मिले जहाँ वे सम्मान, सहयोग और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। साथ ही प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में विशेष आवश्यकता वाले बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवास एवं आवश्यक सहायक उपकरण सहज रूप से उपलब्ध कराए जाएँ।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि हॉस्टल में शौचालय निर्माण हेतु स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और निर्देश दिए कि यह कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ कराया जाए। इसके साथ ही हॉस्टल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बच्चों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सभी सुविधाएँ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित, स्वस्थ और प्रेरणादायी वातावरण में रह सकें।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री भास्कर गाचले, उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री पंकज सांवले , श्री शैलेन्द्र सिंह राठौर एवं अन्य उपस्थित रहे।

