अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
झाबुआ = जिले में गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम पीजी कॉलेज ग्राउन्ड झाबुआ में कैबिनेट मंत्री जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के मुख्य आतिथ्य में पारम्परिक रूप से हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया।
मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने पी.जी. कॉलेज ग्राउंड में झण्डा वंदन किया एवं उसके उपरान्त पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजायी गयी।
समारोह में सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने हर्षफायर कर जयघोष किया। प्रभारी मंत्री द्वारा परेड सलामी ली गयी एवं इसके उपरान्त परेड कमांडरो से परिचय प्राप्त किया गया।
प्रभारी मंत्री द्वारा लोकतंत्र सेनानियों, जिले के पद्म श्री से सम्मानित व्यक्तित्व और शहीद के परिजनों का पुष्पमाला, श्रीफल और शॉल देकर सम्मान किया गया।
भारत के 76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के सन्देश का वाचन कर मध्यप्रदेश के जन-जन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। समारोह में प्रभारी मंत्री ने अनेकता में एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में मुक्त किया।
इसके पश्चात जनजातीय कार्य विभाग झाबुआ के मार्गदर्शन में स्कूली छात्र-छात्राओ द्वारा पी.टी. प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान इंदौर पब्लिक स्कूल झाबुआ, द्वितीय स्थान पी एम श्री शा कन्या उ मा वि झाबुआ, तृतीय स्थान पर महाविद्यालयीन कर्मचारी पुत्री कन्या छात्रावास झाबुआ को प्राप्त हुआ।
विभिन्न विभागों की झांकियों ।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा झाँकियाँ प्रस्तुत की गई।
गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। झाकियां प्रदर्शन में प्रथम स्थान जनजातीय कार्य विभाग, द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से उपसंचालक कृषि और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं तृतीय स्थान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत झाबुआ ने प्राप्त किया।
इस दौरान जन प्रतिनिधिगण, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल, बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार बन्धु, बच्चे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

