अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों संग कार्यक्रम आयोजित ।।

JHABUA ABHITAK
अमित शर्मा ( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ= अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के उपलक्ष्य में आजीविका भवन में सीडब्ल्यूएसएन हॉस्टल (CWSN Hostel) के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर  नेहा मीना ने की।
           कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा इस दिवस को मनाने का उद्देश्य है कम उम्र से ही सांकेतिक भाषा के उपयोग को बढ़ावा देना और दिव्यांगजनों के समावेश को सशक्त बनाना। उन्होंने समावेशी विकास की अवधारणा पर बल देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ-साथ दिव्यांगजनों का भी समान रूप से विकास और सहयोग आवश्यक है।
            उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें यह सीख देता है कि हिम्मत और आत्मबल से हम किसी भी चुनौती को पार कर सकते हैं। साथ ही बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में भी भविष्य में योगदान देने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
             कार्यक्रम में सीडब्ल्यूएसएन हॉस्टल के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें गरबा नृत्य, स्वच्छता जागरूकता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति एवं मोबाइल की लत पर रोक लगाने के संदेश वाले कार्यक्रम शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों को गहरी सामाजिक चेतना से जोड़ा।

उपहार वितरण
             कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर नेहा मीना ने सभी बच्चों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट किए, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
              इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री भास्कर गाचले, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री पंकज साँवले, डीडीआरसी का समस्त स्टॉफ एवं बच्चें उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(सहमत !) #days=(20)

हमारी वेबसाइट आपके अनुभव को बढ़ाने के लिए कुकीज़ का उपयोग करती है. यहाँ देखे
सहमत !