अमित शर्मा( झाबुआ अभी तक)
झाबुआ =प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा धार जिले के ग्राम भैंसोला से 17 सितम्बर को सेवा पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी, स्वच्छता, सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देना है। नागरिकों में स्वच्छता, सेवा एवं सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना एवं वोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त करना है।
अभियान की तैयारियों के सम्बन्ध में कलेक्टर नेहा मीना ने कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक ली। अभियान जिले के समस्त ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में संचालित होगा। जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्र में नोडल अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान एवं शहरी क्षेत्र में नोडल अधिकारी, परियोजना अधिकारी नगरीय प्रशासन श्री महेश बड़ोले को बनाया गया है। बैठक में कलेक्टर ने सेवा पखवाड़े के तहत होने वाली गतिविधियों के सम्बन्ध में कैलेंडर बनाये जाने के निर्देश दिये। अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को गरिमामय रूप से करने एवं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जनपद स्तर पर बैठक आयोजित कर अभियान के समुचित क्रियान्वयन हेतु समन्वय स्थापित करने को कहा।
अभियान के तहत प्रत्येक गली, मोहल्ला, वार्ड, महाविद्यालयों, विद्यालयों, अस्पतालों सहित सभी शासकीय परिसरों की साफ-सफाई सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये। समस्त नगरीय निकायों एवं पंचायत स्तर पर “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “एक बगिया माँ के नाम” अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये।
समस्त नगरीय निकायों एवं बड़ी ग्राम पंचायतों में नमो पार्क, नमो वन एवं नमो उपवन हेतु भूमि का चिन्हांकन कर विकसित किये जाने के निर्देश दिये। जनसामान्य में खादी वस्तुओं एवं वस्त्रों, स्थानीय उत्पाद एवं हस्तशिल्प के क्रय को प्रोत्साहित करने हेतु स्व सहायता समूहों के माध्यम से प्रदर्शनी एवं मेला लगाये जाने हेतु निर्देशित किया। अभियान के अंतर्गत विकसित भारत थीम पर जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों में चित्रकला, वाद विवाद निबंध प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिये।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री भास्कर गाचले, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थान्दला श्री महेश मण्डलोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर श्रीमती रीतिका पाटीदार एवं अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

