अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
दौलत गोलानी की रिपोर्ट
झाबुआ। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को प्राथमिकता देते हुए रोटरी क्लब मेन झाबुआ ने शिवगंगा आरोग्य रथ अभियान अंतर्गत सभी वर्ग की महिलाओं एवं युवतियों तक निःशुल्क दवाइयां पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उठाई है। इस सेवा परियोजना के माध्यम से मल्टीविटामिन टैबलेट्स एवं महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक दवाइयों की निःशुल्क आपूर्ति रोटरी क्लब मेन झाबुआ द्वारा की जाएगी।
इस सेवा कार्य में दवाइयों के लिए विशेष सहयोग वरिष्ठ रोटेरियन रजनीश जायसवाल चेयरमैन मेट्रो जोन ग्रुप एवं सदस्य रोटरी क्लब इंदौर मेघदूत द्वारा किया गया है। उनके इस सहयोग से रोटरी क्लब मेन झाबुआ को ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य सेवा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त हुई है। दवाइयों की लागत लगभग 10-12 लाख रुपए की है। इस परियोजना की पहल एवं शिवगंगा आरोग्य समिति के साथ आगे की चर्चा और समन्वय को सुगम बनाने में वरिष्ठ रोटेरियन उमंग सक्सेना रोटरी क्लब मेन झाबुआ की विशेष भूमिका रहीं। उनके प्रयासों से इस सेवा परियोजना को मूर्तरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। *निःशुल्क दवाईयां उपलब्ध करवाई जाएगी -* इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य सभी वर्ग की जरूरतमंद महिलाओं तक आवश्यक विटामिन एवं स्वास्थ्य संबंधी दवाईयां पहुंचाना है, जिससे उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाया जा सके और आने वाली पीढ़ी को मजबूत एवं स्वस्थ बनाया जा सके, जो देश एवं जिले के भविष्य के लिए लाभकारी सिद्ध हो। शिवगंगा आरोग्य समिति द्वारा डॉक्टरों की टीम के मार्गदर्शन में जिला झाबुआ के दूरस्थ एवं अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद महिलाओं एवं युवतियों तक इन दवाईयों को पहुंचाया जाएगा। दवाईयों का वितरण चिकित्सकीय सलाह एवं आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा। इस पूरी पहल में रोटरी क्लब मेन आने वाले दो वर्षों तक निःशुल्क दवाईयों की उपलब्धता एवं आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहयोग करेगा। *यह रहे मुख्य रूप से उपस्थित -* इस महत्वपूर्ण सेवा परियोजना का कार्यक्रम शिवगंगा गुरुकुल, ग्राम धरमपुरी आश्रम झाबुआ में आयोजित किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब झाबुआ वरिष्ठ रोटेरियन प्रदीप रूनवाल, रोटेरियन मनोज पाठक, इदरीस बोहरा, क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अंकित गुप्ता एवं क्लब सचिव डॉ. अन्नू भाबोर आदि उपस्थित रहे। वहीं शिवगंगा आरोग्य समिति की ओर से पद्मश्री महेश शर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता राजाराम कटारा,ऋषभ सेठ सहित समिति के अन्य आरोग्य कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।

