अमित शर्मा (झाबुआ अभीतक)
दौलत गोलानी की रिपोर्ट
झाबुआ। जिले की युवा लेखिका सिल्की सोलंकी ने कलेक्टोरेट कार्यालय में कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट से सौजन्य भेंट की एवं उनसे अपनी पहली पुस्तक 'द नाइट आई चॉइस माय सेल्फ' के संबंध में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपनी लेखन यात्रा, पुस्तक की विषय वस्तु और साहित्य के प्रति अपने रुझान के बारे में विस्तार से बताया।मुलाकात के दौरान कलेक्टर डॉ. भरसट ने पुस्तक को लेकर अपने विचार और अनुभव साझा किए तथा लेखिका के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सिल्की को साहित्य के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, अधिक से अधिक अच्छी पुस्तकें पढ़ने और अपने लेखन को ओर समृद्ध बनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने लेखन को युवाओं तक सकारात्मक विचार और प्रेरणा पहुंचाने का एक प्रभावशाली माध्यम बताते हुए उन्हें अपनी लेखनी के जरिए युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
*अमेजन और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध पुस्तक -* सिल्की सोलंकी की पहली पुस्तक हाल ही में अमेजन और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध हुई है। लेखिका का मानना है कि पढ़ने की आदत ने ही उन्हें लेखन की दुनिया से जोड़ा। स्कूल के दिनों से ही किताबों के प्रति उनकी रुचि रहीं है और कॉलेज के दौरान पुस्तकालय से जुड़ने के बाद उनका साहित्यिक सफर ओर गहरा हुआ। पढ़ने के इसी जुनून ने उन्हें अपनी पहली पुस्तक लिखने की प्रेरणा दी।
*महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक अनुभव -*
इस मुलाकात को सिल्की ने अपने लेखकीय सफर का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक अनुभव बताया। उनका उद्देश्य केवल कहानियां लिखना ही नहीं, बल्कि अपनी लेखनी के माध्यम से युवाओं में पढ़ने, सोचने, स्वयं को समझने और अपने सपनों की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाना भी है। उन्होंने कहा कि एक लेखक की सबसे बड़ी उपलब्धि तब होती है, जब उसके शब्द किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन सकें। *

